मंडी| जिला मुख्यालय मंडी का आज मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करीब 62 करोड़ के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने कांगणी में 30 करोड़ से बनने वाली अनाज मंडी का शिलान्यास करने के साथ ही 30 करोड़ की लागत से तैयार मातृ शिशु अस्पताल का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित योजना के तहत किए गए विनियमित फल एवं सब्जी मंडी के मुख्य मार्केट यार्ड के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य का उद्घाटन भी CM ठाकुर ने किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अनाज मंडी की मांग लंबे समय से चली आ रही थी, जिसे पूरा किया जा रहा है। इस पर कुल 30 करोड़ की राशि खर्च होगी। प्रथम चरण में 15 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। इसके साथ ही इसके लिए 20 बीघा भूमि का प्रावधान किया गया है। इसके बनने से जिला मुख्यालय में एक बड़ी सुविधा उपलब्ध होगी।

मातृ शिशु अस्पताल के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि करीब 30 करोड़ की लागत से तैयार इस 100 बिस्तर के अस्पताल में वह सारी सुविधाएं एक साथ मिलेंगी जो पहले उपलब्ध नहीं थीं। इससे पूर्व करीब 13 करोड़ की लागत से सुंदरनगर में भी 50 बिस्तर का मातृ शिशु अस्पताल बनाया गया है, जिसका उद्घाटन कोविड काल के दौरान कर दिया गया था।

मुख्यमंत्री जयराम ने कहा कि किसी भी कार्य को करने के लिए जिद और जुनून की आवश्यकता होती है और वही लेकर वह कार्य कर रहे हैं। जिला मंडी में प्रदेश का दूसरा विश्वविद्यालय मिलना भी अपने आप में बड़ी बात है। कहा कि मंडी में एयरपोर्ट बनकर रहेगा और इसके लिए बुर्जिया लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। करीब 15 दिनों बाद अगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। एयरपोर्ट के अलावा मंडी में शिवधाम, शहर में भव्य पार्किंग का निमार्ण ये सभी उनकी जिद और जुनून में शामिल हैं।

You missed