सुंदरनगर। मंडी जिले के सुंदरनगर में एक युवक पंजाब में सड़क हादसे का शिकार हुआ है, जिसमें युवक को मौत हो गई है.गुरुवार देर शाम सुंदरनगर शहर के लिए एक दर्दनाक खबर लेकर आई. राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंडीगढ़-मनाली पर श्री किरतपुर साहिब के समीप भरतगढ़ के गांव गरदला में सुंदरनगर के रहने वाले युवक की कार की भिड़ंत एक ट्रक से हो गई. इससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है.किसी स्थानीय व्यक्ति ने घटना का बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. इसके बाद वायरल वीडियो आग की तरह पूरे हिमाचल में फैल गया.
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने हिमाचल के लोगों से इस वाहन और चालक युवक की शिनाख्त की अपील की थी. अब मृतक की पहचान स्वप्निल शर्मा (28) पुत्र अनिल शर्मा निवासी नजदीक संस्कृत कॉलेज, पुराना बाजार, सुंदरनगर के तौर पर हुई है.स्वप्निल गुड़गांव में कार्यरत था और अपने घर सुंदरनगर वापिस लौट रहा था. राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंडीगढ़-मनाली पर गुरुवार देर शाम गरदला गांव के समीप तेज रफ्तार कार की टिप्पर से टक्कर हो गई. गरदला के समीप हाईवे पर कार टिप्पर के पीछे टकरा गई. हादसे में चालक युवक कार के अंदर ही फंस गया.
घटनास्थल पर इकट्ठा हुए लोगो ने बड़ी मुश्किल से युवक को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी. पुलिस चौकी भरतगढ़ के एएसआई केवल कृष्ण ने बताया कि लोगों की सहायता से युवक को सीएचसी भरतगढ़ में पहुंचाया था, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
