शिमला| हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) के निशाने पर सत्ताधारी दल भाजपा है। वहीं, आप खुद भाजपा की राह पर चल रही है। अब वह बूथ मजबूत करेगी। पार्टी बूथ के सहारे चुनावी रण में कूदेगी। आप का दावा है कि हिमाचल में 18 हजार गांवों में 10-10 लोगों की कमेटियां गठित कर ग्रामीण स्तर पर संगठन के पांव पसार लिए हैं। कमेटियों के माध्यम से पार्टी समर्थकों व कार्यकर्ताओं का बड़ा समूह बन गया है। आप पहली बार हिमाचल में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। सभी 68 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए जाएंगे। अभी प्रत्याशी चिह्नित करने से अधिक जोर संगठन तैयार करने पर है।दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया हाल ही में दो बार हिमाचल की सियासत की नब्ज टटोल चुके हैं। मंगलवार को शिमला में पार्टी के नए अध्यक्ष का ऐलान उन्होंने ही किया। अब राज्यसभा सदस्य एवं आप के हिमाचल मामलों के सहप्रभारी डा. संदीप पाठक ने भी संगठन की जिम्मेदारी संभालनी शुरू कर दी है। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि हिमाचल प्रभारी सत्येंद्र जैन को ईडी गिरफ्तार कर चुकी है।
संगठन की गतिविधियों और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की धार कुंद न हो, इसके लिए पदाधिकारियों की बड़ी टीम बनाई गई है। शिमला आए सिसोदिया ने पार्टी में गुटबाजी से इन्कार नहीं किया। उन्होंने कहा था कि जहां चार-पांच लोग भी एकत्रित होते हैं, वहां गुटबाजी शुरू हो जाती है। हालांकि आप के कार्यकर्ता पार्टी के प्रति समर्पण की भावना से कार्य करते हैं।
आप के नए प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर केजरीवाल माडल का खूब बखान करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाई कहते थे दिल्ली में भी कुछ नहीं होगा। वहां स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में माडल बनाया और फिर पंजाब की बारी आई। वहां भी अन्य दलों के नेता कहते थे कि कुछ नहीं होगा। पंजाब में सत्ता में आए और अब बेहतर नतीजे आ रहे हैं। दिल्ली व पंजाब की तरह लोग हिमाचल के लिए भी कहते हैं लेकिन यहां भी बहुत कुछ होगा। भाजपा और कांग्रेस में कोई अंतर नहीं है। ये एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हिमाचल में अच्छे स्कूलों व अस्पतालों का अभाव है। जहां स्कूल हैं, वहां अध्यापक नहीं हैं। जहां अध्यापक हैं, वहां भवन ठीक नहीं है। अस्पतालों में डाक्टर कम हैं। कहीं तो चतुर्थ श्रेणी कर्मी ही छोटा अस्पताल चला रहे हैं। सड़कें पक्की होने के इंतजार में हैं।
आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी डाक्टर संदीप पाठक का कहना है प्रदेश के 18 हजार गांवों में 10-10 लोगों की कमेटी बनाई गई है। जहां तक सदस्यता की बात है तो यह पांच से छह लाख के बीच है। अभी सदस्यता लगातार हो रही है। हिमाचल में भी लोग विकास के केजरीवाल माडल की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
