सेना भर्ती को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाई गई अग्निपथ योजना को लेकर देश के कई राज्यों में विरोध तेज हो गया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में युवा प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए हैं। विरोध का सबसे ज्यादा असर बिहार में देखा जा रहा है। कई जगह युवा रेलवे ट्रैक पर भी उतरे हैं और ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया है। बिहार के कई स्टेशनों पर ट्रेन पर पथराव किया गया है।
34 से अधिक ट्रेनें रद्द
युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती करने और रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की परीक्षाओं में देरी के कारण ‘अग्निपथ’ योजना के विरोध में गुरुवार को 34 से अधिक ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। इसके साथ ही आठ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया। रेलवे ने कहा कि विरोध के कारण 72 ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। पांच मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें और 29 यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गईं।
चिदंबरम ने सरकार पर साधा निशाना
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि ‘अग्निपथ’ योजना विवादास्पद है… इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि इस योजना के तहत भर्ती किए गए सैनिक बेहतर प्रशिक्षित और प्रेरित होंगे…हमने सेवानिवृत्त रक्षा अधिकारियों के विचार पढ़े और सुने हैं, लगभग सर्वसम्मति से उन्होंने इसका विरोध किया है।
मध्यप्रदेश में भी विरोध-प्रदर्शन
ग्वालियर में अग्निवीर भर्ती को लेकर छात्रों ने हंगामा किया। बिरला नगर रेलवे स्टेशन पर की तोड़फोड़ की गई। बताया जा रहा है कि बस में भी तोड़फोड़ की गई। ट्रेन में तोड़फोड़ के बाद पुलिस को बलप्रयोग करना पड़ा। लाठियां भांजकर पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा।
इन छात्रों को अग्निपथ पर मत चलाइए मोदी जी: राहुल गांधी
न कोई रैंक, न कोई पेंशन
न 2 साल से कोई direct भर्ती
न 4 साल के बाद स्थिर भविष्य
न सरकार का सेना के प्रति सम्मान
देश के बेरोज़गार युवाओं की आवाज़ सुनिए, इन्हे ‘अग्निपथ’ पर चला कर इनके संयम की ‘अग्निपरीक्षा’ मत लीजिए, प्रधानमंत्री जी
