सोलन : अभिनेत्री, लेखिका, चित्रकार व फोटोग्राफर दीप्ति नवल ने कहा कि जलियांवाला बाग दर्द की जिंदा तस्वीर है। जिस मिट्टी में हजारों लोगों का खून बहा हो, वह मातम मनाने की जगह है, उसे सेल्फी प्वाइंट बनाना पीड़ादायक है। अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव में भाग लेने शिमला पहुंची दीप्ति नवल ने कहा कि अमृतसर में स्वर्ण मंदिर है, इसे इतना खूबसूरत बना दिया गया है।

जलियांवाला बाग की मिट्टी में लोगों का खून बहा है, इसका स्वरूप ही बदल दिया है। इस स्थान को वास्तविक स्वरूप में सहेज कर रखा जाना चाहिए था ताकि देश-विदेश से इसे देखने के लिए जो भी पहुंचे उसे घटना का अहसास हो। खून को गुलाबी रंग में दर्शाना गहरी पीड़ा देता है। उन्होंने जापान के हिरोशिमा शहर का उदाहरण दिया। कहा-वहां पर विश्व युद्ध के दौरान परमाणु बम गिरने से जो नुकसान हुआ था, उसे वास्तविक स्वरूप में दर्शाया है।

मैं आधी हिमाचली, मेरे नाना पहाड़ी थे

दीप्ति नवल ने कहा कि मैं आधी हिमाचली हूं, आधी पंजाबी। मेरे नाना पहाड़ी आदमी थे। वह डोगरा थे व मूल रूप से कांगड़ा के रहने वाले थे, जबकि पिता पंजाब के थे। वर्ष 1956 में रोहतांग दर्रा गई थी, उस वक्त सड़क भी नहीं होती थी। अब टनल भी बन गई है, फ्लाई ओवर भी बन जाएंगे।

दीप्ति नवल ने एक सवाल पर कहा कि कुल्लू में उनका एक स्टूडियो है। इसमें मेरी फिल्मों के पोस्टर, पेंटिंग वर्क, किताबें और कई सारी चीजें है। स्थानीय युवती ने इन्हें सहेज कर रखा है। यह केवल स्टूडियो है, मेरे रहने लायक जगह नहीं है। मैं रहने के लिए जगह ढूंढ रही हूं। दीप्ति नवल राजनीति से संबंधित सारे सवालों को हंसते हुए टाल गई।

आर्टिस्ट कहलाना पसंद

एक सवाल पर कहा कि वह कवियित्री, अभिनेत्री, फोटोग्राफर व चित्रकार की बजाय एक आर्टिस्ट कहलाना ही पसंद करूंगी। जो कुछ लिखा है, पहले उसको देखा है। लद्दाख में फोटोग्राफी करने गई तो पहले वहां की समस्याओं और कठिन जीवन को देखा फिर फोटो के माध्यम से उन्हें दिखाया। रेडलाइट एरिया के बारे में लिखा, पहले वहां पर रहकर देखा फिर उसे लिखा। मेरा बचपन अमृतसर में बीता, जबकि पढ़ाई विदेश में हुई। मुझे सच्ची कहानियां लिखना पसंद है

‘ए कंट्री काल्ड चाइल्डहुड’ पुस्तक जल्द आएगी

दीप्ति नवल की नई किताब ‘ए कंट्री काल्ड चाइल्डहुड’ का विमोचन दो जुलाई को होगा। किताब में बचपन से लेकर अब तक के सफर व संघर्ष के बारे में लिखा है। यह फिल्म के रूप में सिल्वर स्क्रीन पर आएगा।

डिजिटल युग में भी साहित्य का अहम रोल

दीप्ति नवल ने कहा कि डिजिटल युग में साहित्य का अपना अलग अस्तित्व है। एक स्थान पर इस तरह के आयोजन होने से विचारों का आदान-प्रदान तो होता ही है साथ में कई चीजें सीखने को मिलती हैं। इंटरनेट मीडिया में आज कई लोग लिखते हैं, लेकिन यह पता ही नहीं होता कि लिखने वाला कौन है व उसके विचार कैसे हैं। यह साहित्य अकादमी का अच्छा प्रयास है कि इस तरह का आयोजन शिमला के गेयटी थियेटर में हो रहा है। भविष्य में भी इस तरह के आयोजन यहां होंगे। लेखक का काम मुद्दों को सामने लाना है। इसमें सुधार सरकार, विभागों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का काम है।

You missed