शिमला। पिछली रात्रि हुई बारिश ने भी नेरवा में जमकर कोहराम मचाया, जिस वजह से जन-जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो कर रह गया है। वीरवार रात हुई भारी बारिश के चलते नेरवा के पुराने बस अड्डे के समीप दयांडली नाले में भी रात को बाढ़ आने से इसमें एक निजी कार बह गई, जबकि तीन अन्य वाहन मलवे में फंस गए। स्थानीय लोगों ने नाले का बहाव बदलकर कार व तीन अन्य वाहनों को निकाल लिया है।
नाले के किनारे प्रशासन व स्थानीय दुकानदारों द्वारा बनाई गई करीब 100 वाहनों की पार्किंग भी नाले में आई बाढ़ की भेंट चढ़ गई है। पार्किंग के बह जाने से लोगों के सामने अपने वाहन पार्क करने की समस्या उत्पन्न हो गई है। पार्किंग के बहने से जाम की समस्या से जूझ रहे नेरवा बाजार में हालत और भी गंभीर हो सकती है। वहीं रात को तेज तूफ़ान चलने के कारण पूरी रात उपमंडल चौपाल में अन्धेरा छाया रहा एवं नेरवा बाजार में भी बिजली की तारें टूट कर सड़कों में बिछ गई। गुरूवार शाम नेरवा चौपाल को बिजली आपूर्ति करने वाली मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से यह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बोर्ड के कर्मचारियों ने शुक्रवार को बिजली को बहाल तो कर दिया है, परन्तु लगातार हो रही बारिश,बर्फवारी और तेज हवाओं के कारण बार-बार ट्रिपिंग होने से विद्युत् समस्या बनी हुई है।
नेरवा रेस्ट हाउस के समीप लगातार हो रहे भूस्खलन का मलबा नेरवा शिमला मुख्य मार्ग एवं नए बस अड्डे से की तरफ से रुसलाह और अस्पताल की तरफ जाने वाली सड़कों पर आने से यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो चुके हैं। इन मार्गों पर लगातार मलबा गिरने की वजह से लोग यहां से जान जोखिम में डाल कर पैदल गुजर रहे हैं। बस स्टैंड के समीप तीन घरों में इस भूस्खलन का मलबा घुसने से लाखों की क्षति हुई है।
घरों के मालिकों ने पीडब्ल्यूडी पर आरोप जड़े हैं कि विभाग पिछले छह माह से इस भूस्खलन को रोकने में नाकामयाब रहा है, जिस वजह से उनको लाखों का नुक्सान झेलना पड़ रहा है एवं उनके परिवार हर समय डर के साए में जीने को मज़बूर हैं। प्रभावित मकान मालिक डॉ गुलाब शर्मा, रामलाल चौहान व उमेश गुप्ता ने विभाग को चेतावनी दी है कि अब उनके पास अदालत में जाने के सिवा कोई विकल्प नहीं बचा है।
