उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 तक जा पहुंची है. इस घटना को लेकर किसान मजदूर संघ ने रविवार को फैक्टरी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. वे प्रत्येक मृतक के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं.

किसान मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म सिंह राणा ने कहा, ‘हम प्रभावित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और अवैध रूप से चल रही सभी फैक्ट्रियों को सील करने की मांग करते हैं.’

इस घटना को लेकर धौलाना पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 286, 287, 304, 308, 337 और 338 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. एफआईआर में कहा गया है कि फैक्ट्री में पटाखों का निर्माण किया जाता था.

राष्ट्रीय राजधानी से करीब 80 किलोमीटर दूर धौलाना में यूपीएसआईडीसी (औद्योगिक क्षेत्र) में स्थित फैक्टरी में प्रभावित इलाके में करीब 30 लोग थे जब यह घटना हुई. इससे पहले हापुड़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भुकर ने बताया कि हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हापुड़ की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि धौलाना की संबंधित इंडस्ट्रीज को इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने का लाइसेंस मिला हुआ था, ऐसे में विस्फोटक सामान कैसे बन रहा था, इसकी जांच की जाएगी और उसी अनुरूप कार्रवाई होगी.

जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में एक-एक फैक्टरी की जांच होगी. जांच में कोई अधिकारी या अन्य जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. रुपम ने कहा कि प्रशासन का प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा मिले और उनमें से कुछ को सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया है.

वहीं इस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास की कई फैक्टरी की छतें उड़ गईं. पुलिस प्रशासन व दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया और कई लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला. पुलिस के अनुसार, हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी (औद्योगिक क्षेत्र) में सीएनजी पंप के बगल में स्थित एक फैक्टरी में बॉयलर फट गया, जिससे वहां आग लग गई.

You missed