अंबाला. हरियाणा में अंबाला पुलिस की ओर से अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस कड़ी में हरियाणा पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है. अंबाला पुलिस ने शहर की पुरानी सब्जी मंडी से एक युवक के घर पर छापेमारी करते हुए 112 पेटी अवैध शराब बरामद की है. बताया जा रहा है कि आरोपी प्रभु आपने घर से लोगों को शराब बेचता था. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि युवक कहा से शराब लाता था और किसे सप्लाई करता था.
67 देसी तो 43 पेटी अंग्रेजी शराब
बता दें कि पिछले कुछ समय से अवैध शराब की तस्करी व बिक्री करने वालों पर अंबाला पुलिस काफी सख्त नजर आ रही है. पिछले कुछ महीनों में दर्जनों ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. अंबाला पुलिस ने शहर की पुराने सब्जी मंडी में एक घर पर छापेमारी करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी. इस मामले में अवैध शराब की बिक्री करने वाले आरोपी प्रभु को भी गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने 112 पेटी अवैध शराब बरामद की है, जिसमें शराब की 67 पेटी देसी, 43 पेटी अग्रेंजी व 2 पेटी बीयर शामिल है.
राम कुमार, एसएचओ अंबाला ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि पुरानी सब्जी मंडी इलाके में अवैध शराब की बिक्री हो रही है. छापेमारी कर शराब की 112 पेटी के साथ प्रभु नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है. जांच में पता लगाया जाएगा युवक शराब कहा से लाकर कहा बेचता था. फिलहाल इतनी मात्रा में घर से ही शराब की सप्लाई करना सभी को अचम्भित कर रहा है.
