ऊना/चंबा| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीरवार को नौ दिन के अंदर दूसरी बार हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। पीएम मोदी ऊना रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। देश में यह चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होगी। बल्क ड्रग पार्क व आइआइआइटी परिसर का भी शुभारंभ करेंगे। मोदी ऊना में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ऊना के बाद चंबा के चौगान में रैली को संबोधित करेंगे। चंबा में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तीसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा दो विद्युत प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे। पीएम मोदी साढ़े नौ बजे तक ऊना पहुंच जाएंगे। पीएम मोदी आज हिमाचल को दीपावली को तोहफा देंगे।
मोदी के दौराें से कांग्रेस चित, वंदे भारत एक्सप्रेस हिमाचल के लिए बड़ी सौगात : धूमल
प्रधामनंत्री नरेन्द्र मोदी के हिमाचल के दौरों के कारण कांग्रेस चारों खाने चित हो गई है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मोदी की ऊना रैली के दौरान कही। प्रेम कुमार धूमल ने कहा नरेन्द्र मोदी ऊना में आज नई इबारत लिखने जा रहे हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री ने हिमाचल को हमेशा अपने घर जैसा समझा है और हमेशा हिमाचल पर उनकी विशेष कृपा दृष्टि रही है। प्रेम कुमार धूमल ने कहा वंदे भारत एक्सप्रेस की चौथी रेल हिमाचल को मिलना एक बहुत बड़ी बात है इससे पूरे प्रदेश को लाभ होगा और हिमाचल से दिल्ली पहुंचने में भी कम समय लगेगा।
