शिमला। राजधानी में पेयजल संकट के बाद प्रदेश सरकार ने शिमला पेयजल कंपनी के दो बड़े अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। सरकार ने कंपनी के जीएम पद पर तैनात अधीक्षण अभियंता आरके वर्मा और एजीएम अनिल जसवाल का तबादला कर दिया है। इनकी जगह जलशक्ति विभाग से अधिकारियों की तैनाती कर दी है। जलशक्ति विभाग में अधीक्षण अभियंता पद पर सेवाएं दे रहे अनिल मेहता अब सेकंडमेंट आधार पर कंपनी के नए जीएम होंगे। वर्तमान जीएम आरके वर्मा की तैनाती को लेकर आदेश अभी जारी नहीं हुए हैं। हाइड्रोलॉजी डिविजन में तैनात अधिशासी अभियंता सुमित सूद को कंपनी के एजीएम पद की जिम्मेदारी दी गई है।
इस पद पर तैनात एजीएम अनिल जसवाल को हाइड्रोलॉजी विभाग में भेजा है। शहर में अचानक हुए इन तबादलों को जलसंकट से जोड़कर देखा जा रहा है। बीते दो महीने से शहर में पेयजल सप्लाई नियमित नहीं हो पाई है। बीते दो हफ्ते में तो सप्लाई तीसरे से चौथे दिन में चली गई थी। हालांकि, अब इसमें सुधार होने लगा है। लेकिन इससे पहले ही सरकार ने दो बड़े अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं।
