जिला कांगड़ा में पहली जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लग जाएगा। इस बारे में जरूरी दिशा निर्देश अधिकारियों को जारी कर दिए गए हैं।

जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में एकत्रित प्लास्टिक तथा पालीथीन के उचित निष्पादन के निर्देश नगर निकाय तथा विकास खंड अधिकारियों को दिए गए हैं। ये निर्देश उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निकायों, विकास खंड अधिकारियों की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने पंचायत स्तर तथा नगर निकायों पर एकत्रित पालीथीन तथा प्लास्टिक को लोक निर्माण विभाग तथा सीमेंट फैक्टरी को देने के आदेश दिए, ताकि इसका सही उपयोग किया जा सके। उन्होंने इसकी रिपोर्ट भी नियमित तौर पर भेजने की हिदायत जारी की।

बैठक के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अधिसूचना के अन्तर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक (एसयूपी) वस्तुओं के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग को प्रभावी रूप से पहली जुलाई, 2022 से प्रतिबंधित किया है। सभी उत्पादकों, स्टाकिस्टों, खुदरा विक्रेताओं, दुकानदारों, ई-कामर्स कंपनियों, स्ट्रीट वेंडरों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों (माल,मार्केट,प्लेस, शापिंग सेंटर, सिनेमा हाउस, पर्यटन स्थल, स्कूल, कालेजों, कार्यालय परिसरों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों) और आम जनता को सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं के उत्पादन, स्टाकिंग, वितरण, बिक्री और उपयोग को रोकने के लिए भी पहले ही अधिसूचना जारी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त 30 जून, 2022 तक उपरोक्त सिंगल यूज प्लास्टिक मद की शून्य सूची सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संस्थानों द्वारा आवश्यक कारवाई की जानी है।

 

You missed