शिमला। नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटकों में भारी उत्साह है। ऐतिहासिक शिमला कालका ट्रेन में भी पर्यटकों की चहल पहल बढ़ गई है। कोविड नियमों का पालन करते हुए पर्यटक ट्रेन में सफर कर शिमला की हसीन वादियों में पहुंच रहे हैं। पर्यटकों में शिमला में नए साल का जश्न मनाने को लेकर काफी उत्साह है। दस जनवरी तक शिमला कालका ट्रैक पर चलने वाली ट्रेन में फुल आक्यूपेंसी है। शिमला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक जागिंद्र सिंह ने कहा नए साल के मौके पर पर्यटक भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। नववर्ष के समय अच्छा बिजनेस होता है। ट्रेन में दस जनवरी 2022 तक फुल आक्यूपेंसी है। ट्रेन में एडवांस बुकिंग चल रही है।
रेलवे की ओर से कोविड नियमों का पूरा पालन किया जा रहा है।नए साल की तैयारी में शिमला में आने वाले सैलानियों को असुविधा न हो इसके लिए जिला प्रशासन के बाद शिमला पुलिस ने भी तैयारी तेज कर दी है। पुलिस ने पहले शहर के पांच सील्ड सड़कों पर वाहनों की पार्किंंग की मंजूरी जिला प्रशासन से ली थी। इसके बाद अब सड़क के साथ बने स्कूलों के मैदान को भी पार्किंग के लिए खोलने के लिए पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को पत्र लिख दिया है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की ओर से बुधवार को तारा हाल स्कूल को पत्र भेजा है। इसमें उनसे मांग की है कि उनके स्कूल परिसर के मैदान में वाहनों को तीन दिन पार्क करने की मंजूरी दी जाए।
शहर में नववर्ष के दौरान पार्किंग की समस्या को खत्म किया जा सकेगा। राजधानी के अन्य क्षेत्रों में जहां पर स्कूल सड़क के साथ है ,उनके पास मैदान की सुविधाएं हैं उन्हें भी पत्र आने भेजे जा रहे हैं ताकि बाहर से आने वाले सैलानियों को वाहन पार्क करने में किसी तरह की परेशानी न हो।शिमला पुलिस एक अनुमान लगाकर चल रही है कि रोजाना तीन से चार वाहन चार हजार वाहन सैलानियों के शिमला पहुंच रहे हैं। ऐसे में नववर्ष की संध्या पर आठ से 10 से 12 हजार एक ही दिन में नए साल के स्वागत के लिए शिमला पहुंच सकते हैं। इनकी पार्किंग का इंतजाम पहले ही कर लिया जाए।
इसके लिए एसपी शिमला डा. मोनिका की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में सील्ड सड़कों के अलावा शहर में सड़क के साथ बने स्कूलों के खेल मैदानों में पार्किंग की सुविधा देने की बात है। वहीं सड़क किनारे जहां-जहां भी ऐसे स्थान हैं, जहां 20 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग के बावजूद ट्रैफिक को व्यवधान पहुंचाए बगैर सुविधा दी जा सकती है, ऐसे स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
