आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक मंदिर गुरुवार को अनोखी प्रेम कहानी का गवाह बन गया. यहां एक मुस्लिम युवती ने हिंदू धर्म अपनाकर अपने प्रेमी से शादी कर ली. बताया जा रहा है कि मुस्लिम युवती को मंदिर में हिंदू युवक से शादी करना परिजनों को नागवार लग रहा है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नव दंपति ने एक विशेष समुदाय संगठन से खतरा जताया है. विश्व हिंदू परिषद (VHP) के जिला महामंत्री गौरव सिंह ने सुरक्षा की जिम्मेदारी ली है. मामला सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से मिलकर नव दंपति को सुरक्षा दिलाने की बात की है. फिलहाल इस मामले में नव दंपति कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं.
पूरा मामला अतरौलिया थाना क्षेत्र के खानपुर फतेह गांव का है. जानकारी के मुताबिक, अतरौलिया क्षेत्र के खानपुर फतेह गांव निवासी सूरज को 2 वर्ष पहले हैदरपुर खास गांव की एक मुस्लिम लड़की मोमिन खातून से प्रेम हो गया. दोनों का प्यार जब परवान चढ़ा तो वे परिजनों से चोरी छुप-छुप कर मिलने-जुलने और एक साथ जीने मरने की कसम खाने लगे. लेकिन इस बात की जानकारी जब लड़की के घरवालों को हुई तो धर्म के कारण ऐतराज जताने लगे, जबकि प्रेमी के परिजनों को कोई ऐतराज नहीं था.
