शिमला। हिमाचल प्रदेश में मटर की बंपर फसल होने के कारण पहले किसानों को फसल बेचने में परेशानी हो रही थी, लेकिन अब फल मंडियों में फसलों की बिक्री की व्यवस्था होने से किसानों ने काफी राहत मिली है। किसानों को सब्जी मंडियों में ही फसल बेचने के लिए जाना पड़ता था, लेकिन इस साल सरकार ने किसानों की फसलें बेचने के लिए पराला और अन्य फल मंडियों को खोल किसानों की समस्याओं का काफी हद तक हल कर दिया है।पिछले साल के मुकाबले इस बार मटर की पैदावार तीस फीसदी अधिक रही है। प्रदेश में करीब 2.5.लाख मीट्रिक टन मटर की पैदावार का अनुमान लगाया गया है। वर्तमान में मटर 30 से 35 रुपये किलो मंडियों में बिक रहा है।
किसान मटर की बिक्री के लिए बड़ी कंपनियों को आमंत्रित करने के लिए दबाव डाल रहे थे। इस कारण से मटर खरीद के लिए बड़ी कंपनी सफल और रिलायंस फ्रेश भी प्रदेश में खरीद केंद्र खोल रही हैं।उधर, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक नरेश ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में मटर की पैदावार 2.5 लाख मीट्रिक टन होने की उम्मीद है। पिछले साल के मुकाबले मटर की पैदावार 35 फीसदी अधिक है। मटर उत्पादकों फसल बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए बोर्ड ने सफल और रिलायंस कंपनी को बुला लिया है। ये कंपनियां जल्द खरीद शुरू कर देंगी।
