शिमला। कोरोना आपदा के बीच रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव थाना क्षेत्र के ढुगियाणी गांव में आग के तांडव से हर कोई सहम गया। गांव के सात मकान और दो मंदिर आग से राख हो गए हैं। दुखद बात यह रही कि 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोधा मणि आग में जिंदा जल गई। राहत दलों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लग गए। नरैण सिंह के लकड़ी के बने मकानों में आग इतनी तेजी से फैली कि इसे नियंत्रण करने में राहत दलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अग्निकांड में करोड़ों के नुकसान का अनुमान है।
रोहड़ू के एसडीएम बीआर शर्मा ने अग्निकांड में वृद्ध महिला के जिंदा जलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अग्निकांड में ईश्वर सिंह, नरैण, मतवर सिंह, जगदीश, सरदार सिंह, सुंदर सिंह व गुलाब सिंह के मकान राख हुए हैं। इसके अलावा गांव के दो मंदिर भी आग की भेंट चढ़े हैं। प्रभावितों को सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि अग्निकांड के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
