शिमला| हिमाचल की राजधानी शिमला से दिल्ली के लिए हवाई किराया और कम हो गया है। 26 सितंबर से एलाइंस एयर कंपनी अपने नए विमान एटीआर 42-600 के साथ ये सेवाएं शुरू करने जा रही है। इसके लिए उद्घाटन किराया अब 2141 रुपए रखा गया है, जो पहले 2400 के आसपास था। एलायंस एयर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बात की जानकारी दी है। इससे पहले कंपनी ट्रायल लैंडिंग जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर कर चुकी है। इस एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं दो साल से ज्यादा अवधि से बंद हैं और अब एयर स्ट्रिप की रिपेयर के बाद नए सिरे से सेवाएं शुरू हो रही हैं। एलाइंस एयर ने उत्तर भारत में अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए यह हवाई सेवा शुरू करने का फैसला किया है। शिमला एयरपोर्ट से पहले उड़ान की शुरुआत छह सितंबर, 2022 को होनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण संचालन शुरू नहीं हो सका।
अब 26 सितंबर से यह शुरुआत हो रही है। यह विमान दिल्ली से सुबह सात बजकर 10 मिनट पर उड़ेगा और शिमला पहुंचने का समय 8:20 है।शिमला से दिल्ली वापसी के लिए 8:50 पर हवाई सेवा रहेगी, जो 10:00 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी। शिमला में टूरिज्म को भी इन हवाई सेवाओं से फायदा मिलेगा और पर्यटकों को उम्मीद है कि एलायंस एयर इस सेवा को अब नियमित रखेगी। राज्य सरकार ने कंपनी से शिमला से गगल एयरपोर्ट और शिमला से भुंतर एयरपोर्ट के लिए भी सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया है और इस पर बातचीत जारी है। पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव देवेश कुमार ने बताया कि कंपनी हिमाचल के भीतर दो जगहों के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने पर वायबिलिटी गैप फंडिंग के तहत 11 करोड़ सालाना डिमांड कर रही है और यह मामला वित्त विभाग को भेजा गया है। बहुत जल्द इस पर फैसला हो जाएगा।
