शिमला| हिंदुस्तान 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मना चुका है, लेकिन हमारे देश में शिमला से 33 किलोमीटर दूर ठियोग कस्बे में स्वाधीनता दिवस हर साल 16 अगस्त को मनाया जाता है। इसके पीछे का इतिहास गौरवमयी रहा है।भारत देश बेशक 1947 में आजाद हुआ, लेकिन ठियोग में देश के पहले प्रजामंडल का गठन 1946 में ही किया गया। तब तक देश 360 रियासतें राजा, राणा, नवाब व निजाम के शासन से मुक्ति के लिए लड़ रहा था।

इस बीच ठियोग रियासत की जनता के दबाव में राजा कर्मचंद ने गद्दी छोड़कर 16 अगस्त 1947 को ही अपने अधिकार प्रजामंडल कौ सौंप दिए। प्रजामंडल का प्रधानमंत्री सूरत राम प्रकाश को चुना गया। उनके साथ 16 अगस्त को ही गृहमंत्री बुद्धिराम वर्मा, शिक्षा मंत्री सीताराम वर्मा समेत अन्य आठ लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली।कुछ माह बाद ठियोग प्रजामंडल की स्टेट को “भारत संघ’ में मिलाने का प्रथम गौरव प्राप्त है। इसके बाद देश की सभी रियासतें एक-एक कर भारत संघ में मिलाई गई।तब से लेकर ठियोग के “पोटेटो ग्राउंड’ में 16 अगस्त को ठियोग में आजादी दिवस मनाया जाता है। आजादी दिवस को स्थानीय लोग रिहाली और जलसा के रूप मनाते आए है। 15 और 16 को चलने वाले दो दिवसीय जलसा में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा विभिन्न खेलकूद का भी आयोजन होता है।
इसमें क्षेत्र के हजारों लोग बड़ी संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। इस बार कोरोना की वजह से दो साल बाद आयोजन हो रहा है। जिला स्तरीय जसला मेले में आज राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष तौर उपस्थित रहेंगे। लिहाजा ठियोग नगर के ऐतिहासिक आलू मैदान में आज स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए हजारों लोग जुटेंगे। इस अवसर पर प्रजामंडल के उन सभी स्वतंत्रता सैनानियों को याद किया जाएगा।प्रजामंडल के पहले प्रधानमंत्री सूरत राम प्रकाश के बेटे एवं सेवानिवृत शास्त्री जय प्रकाश ने बताया कि देश में पहला प्रजामंडल ठियोग में बना। उन्होंने बताया कि देश भले 1947 में आजाद हुआ लेकिन ठियोग से पहले कहीं भी न प्रजामंडल बना और न ही मिनिस्ट्री का गठन हुआ। ठियोग में प्रधानमंत्री समेत आठ मंत्रियों ने 16 अगस्त 1947 को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, जबकि प्रजामंडल का गठन 1946 में कर दिया गया था।
