शिमला| बांबे हाई कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश अमजद ए सईद हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के 27वें मुख्य न्यायधीश होंगे। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर अमल करते हुए इन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। वर्तमान में जस्टिस अमजद ए सईद बांबे हाई कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। 21 जनवरी, 1961 को जन्मे न्यायाधीश सईद ने वर्ष 1984 में बांबे यूनिवर्सिटी से कानून में स्नातक की उपाधि प्राप्त की।
वह बांबे हाई कोर्ट में सहायक सरकारी वकील भी रहे। इन्होंने सरकार की ओर से मैंग्रोव, कचरा डंपिंग, चैरिटेबल अस्पतालों में गरीबों के लिए मुफ्त-रियायती चिकित्सा उपचार, जैव चिकित्सा अपशिष्ट, और कुपोषण जैसे अति महत्त्वपूर्ण मुद्दों से संबंधित जनहित याचिका मामलों में पैरवी की। कई पब्लिक अंडरटेकिंग पैनल में रहे और उनकी ओर से मध्यस्थता में भी पेश हुए हैं।
