कंडाघाट।नगर पंचायत कंडाघाट में सोमवार को आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में अतिरिक्त मुख्य दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन अंशु चौधरी ने बताया कि महिलाओं , पिछड़े वर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान है जरूरतमंद लोग इस सेवा का लाभ उठाएं ।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिलना उसका अधिकार है । कोई व्यक्ति आर्थिक कारणों से न्याय के लिए वंचित न रहे इसलिए देश में हर न्यायालय स्तर विधिक सेवा प्राधिकरण स्थापित है । इन विधिक प्राधिकरणों से कोई भी व्यक्ति मुफ्त न्याय की सुविधा प्राप्त कर सकता है । उन्होंने महिलाओं , अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग के लोगों के लिए कानूनी प्रावधानों , मुफ्त कानूनी सहायता कैसे प्राप्त करें , पीड़ित व्यक्ति क्षतिपूर्ति योजना , चैक बाउंस होने पर कानूनी करवाई सहित विभिन्न विषयों पर कानूनी और न्याय प्रावधानों की जानकारी देते हुए नेशनल लीगल सर्विस प्राधिकरण की कार्य व्यवस्था को विस्तृत रूप से बताया ।
उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों के कानूनी सवालों के जवाब भी दिए ।इस मौके पर पर नगर पंचायत कंडाघाट की अध्यक्षा गीता , उपाध्यक्ष मनीष सूद सहित 60 प्रतिभागी उपस्थित रहे ।
