चौपाल। जिला शिमला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं द्वारा की जा रही चुनाव बहिष्कार की घोषणाएं यहां पर बीते समय में हुए विकास के दावों पर करारा तमाचा बन कर उभर रही है। बहिष्कार की घोषणा करने वाले अधिकांश मतदाताओं का मुख्य मुद्दा सडक़ों का निर्माण न होना है। न्योल क्षेत्र के कुमाहरला और गागलना के बाद अब जिला सिरमौर की सीमा से लगती ग्राम पंचायत नौरा बौरा के डेढ़ सौ मतदाताओं ने विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की घोषणा कर डाली है। बौरा गांव के युवाओं दिनेश, कपिल देव, रवि, मनोज, अनुज, कुलदीप, रमेश, बिट्टू, लोकेन्दर, संदीप, कुलवंत एवं पवन ने बताया कि गुरूवार को नव युवा मंडल बौरा और महिला मंडल बौरा की एक सामूहिक बैठक बुलाई गई थी।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गांव के लिए सडक़ का निर्माण एवं कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा कर आगामी चुनाव को लेकर मिलकर रणनीति तैयार करना था। बैठक में युवक मंडल के 55 सदस्यों एवं महिला मंडल के पंद्रह सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि बैठक में मुख्य मुद्दा बौरा के लिए बनने वाली सडक़ का रहा। बैठक में शामिल 70 सदस्यों ने हस्ताक्षरयुक्त ब्यान जारी कर जहां चौपाल के विधायक पर बौरा के लोगों को छलने के आरोप जड़े, वहीं विधानसभा चुनाव लड़ रहे अन्य प्रत्याशियों को भी खूब खरी खोटी सुनाई।
इन लोगों का आरोप है कि वर्मा ने उन्हें मात्र एक मतदाता के रूप में इस्तेमाल करते हुए पिछले 10 साल में बार-बार कोरे आश्वासन देकर गांव वासियों को झूठे लॉलीपॉप थमाने का कार्य किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 के विधानसभा चुनाव में विधायक ने वादा किया था कि अगले पांच साल में बौरा के लिए सडक़ पहुंचाऊंगा तथा जिसके बाद 2016 में उन्होंने हमारी सडक़ को विधायक प्राथमिकता में डाला। जिसके बाद गांववासियों द्वारा 2017-18 में सडक़ के निर्माण के लिए हर तरह की औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थी। अगले 2017 के विधानसभा चुनाव तक इस सडक़ का कार्य शुरू ही नहीं हो सका। इसके बाद बौरा में वोट मांगने आए विधायक ने एक बार फिर ये वादा किया कि 2022 तक आपकी सडक़ बनाकर ही रहुंगा।
चाहे उसके लिए मुझे किसी भी कानून को तोडऩा पड़े अन्यथा में 2022 में वोट मांगने नही आऊंगा। उन्होंने यहां तक कहा था कि अगर बौरा आया, तो अपनी गाड़ी में ही आऊंगा। युवक मंडल एवं महिला मंडल के सदस्यों ने चुटकी लेते हुए कहा कि 2022 के चुनाव तो आ गए लेकिन न सडक़ आई न गाड़ी और न ही बिना सडक़ और गाड़ी के अब तक विधायक के दर्शन हुए।
