शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ बतौर आजाद उम्मीदवार नामांकन भरने वाले 12 से ज्यादा बागी नेताओं पर आज पार्टी से निलंबन की गाज गिर सकती है। भाजपा इन लोगों की सूची तैयार करके इनके सस्पेंशन के ऑर्डर जारी करने की तैयारी में जुट गई है। रामपुर सीट से पार्टी कैंडिडेट कौल नेगी के खिलाफ काम करने वाले पीसी द्रैक को पहले ही 6 साल के लिए पार्टी से बाहर किया जा चुका है।भाजपा के इन बागियों को मनाने के लिए पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपना पूरा जोर लगाया, लेकिन वह नहीं माने। भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ उन्होंने बतौर आजाद उम्मीदवार पर्चा भरा और अब चुनाव लड़ रहे हैं। जिन बागियों को मनाने में भाजपा कामयाब रही है, उनमें महेश्वर सिंह बड़ा नाम है।वहीं धर्मशाला से विपिन, अनिल चौधरी मैदान छोड़ गए। रामपुर में कौल नेगी के सामने भूपेश धीमान बैठ गए हैं। इन्हें भी भाजपा नेता मनाने में कामयाब रहे।
चंबा सदर से भाजपा उम्मीदवार नीलम नैय्यर के खिलाफ इंद्रा कपूर मैदान में डटी हैं, जिसे पहले भाजपा ने टिकट दिया और बाद में काट दिया।
फतेहपुर में राकेश पठानिया के खिलाफ कृपाल परमार खडे हैं।
इंदौरा में रीता धीमान के खिलाफ मनोहर धीमान मैदान में हैं।
कांगड़ा में पवन काजल की मुश्किलें कुलभाष चौधरी ने बढ़ाई हैं, जो उन पर अब भारी पड़ने वाली है।
देहरा में रमेश धवाला के खिलाफ होशियार सिंह डटे हुए हैं, पिछली बार भी वे निर्दलीय जीते थे और फिर भाजपा जॉइन की, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला।
जसवां से बिक्रम ठाकुर के खिलाफ संजय पराशर खड़े हैं।
हमीरपुर से नरेंद्र ठाकुर के सामने आशीष शर्मा हैं, जिन्होंने पहले भाजपा, फिर कांग्रेस से टिकट मांगा था।
बड़सर में माया शर्मा के सामने संजीव शर्मा हैं, जो भाजपा के ही बागी हैं।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के घर बिलासपुर में त्रिलोक जम्वाल को सुभाष शर्मा चुनौती दे रहे हैं।
झंडूता में जेआर कटवाल के सामने राजकुमार कौंडल खड़े हैं।
नाचन में विनोद कुमार के सामने ज्ञानचंद मैदान में हैं।
मंडी सदर में अनिल शर्मा के सामने भाजपा के बागी प्रवीण शर्मा हैं।
सुंदरनगर से राकेश जम्वाल के सामने पूर्व मंत्री रूप सिंह पुत्र अभिषेक ठाकुर खडे हैं।
कुल्लू में नरोत्तम ठाकुर के सामने महेश्वर सिंह ने पर्चा भरा था, लेकिन वे बैठ गए, परंतु राम सिंह अभी भी बागी हैं।
आनी में लोकेंद्र के सामने किशोरी लाल डटे हैं।
मनाली में गोबिंद ठाकुर के सामने महेंद्र ठाकुर बागी होकर मैदान में हैं।
बंजार में सुरेंद्र शौरी के सामने हितेश्वर सिंह ने नामांकन भरा है।
किन्नौर में सूरत नेगी के सामने तेजवंत नेगी बागी होकर मैदान में हैं।
रोहडू में शशिबाला के खिलाफ बतौर निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र धीरटा चुनाव लड़ रहे।
नालागढ़ में लखविंद्र राणा के खिलाफ केएल ठाकुर ने चुनौती दे दी है।
