शिमला| हिमाचल कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) और जिला प्रशासन ने सेब सीजन की तैयारियां तेज कर दी है। सीजन के दौरान शिमला में परिवहन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए एपीएमसी और प्रशासन के बीच हुई बैठक में ढली चौक से मल्याणा तक सड़क किनारे पार्क सभी गाड़ियों को हटाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद आगामी अक्टूबर माह तक सड़क किनारे कोई भी गाड़ी खड़ी करने की इजाजत नहीं होगी।ढली से मल्याणा के बीच जहां जगह होगी वहां पर केवल सेब ढुलाई वाले वाहन लगाए जा सकेंगे। स्थानीय लोगों को अपने निजी वाहन सड़क किनारे लगाने की इजाजत नहीं होगी। इस बाबत डीएसपी ट्रैफिक को निर्देश दिए गए। साथ ही छराबड़ा में सेब से लदे वाहन रोककर एक एक कर हमेशा की तरह भट्टाकुफर मंडी भेजने का निर्णय लिया गया है। छराबड़ा से टोकन लेने के बाद ही गाड़ियों को भट्टाकुफर मंडी में प्रवेश दिया जाएगा।

एपीएमसी सचिव देवराज कश्यप ने बताया कि जिस जगह भट्टाकुफर मंडी पर भू-स्खलन का खतरा बना हुआ है वहां उन ऑक्शन यार्ड को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। उसकी बाड़बंदी करके वहां लोगों की आवाजाही रोकी जाएगी ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। उन्होंने बताया कि भट्टाकुफर मंडी के कुछ आढ़ती पराला शिफ्ट किए जाएंगे, जबकि कुछ आढ़ती भट्टाकुफर के साथ लगती पार्किंग को शिफ्ट किए जाएंगे। इस तरह भट्टाकुफर में भी सेब मंडी चलती रहेगी।

थर्मटी और शिलारू मंडी के काम में तेजी लाने के निर्देशः

बैठक में ऊपरी शिमला के थर्मटी और शिलारू में निर्माणाधीन मंडी के काम में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए। इस बैठक में एपीएमसी प्रबंधन के अलावा एडीएम कानून व्यवस्था, डीएसपी और आढ़ती भी मौजूद रहें। बैठक के बाद एपीएमसी प्रबंधन ने भट्टाकुफर की अनसेफ मंडी का निरीक्षण किया।

अनसेफ भट्टाकुफर मंडी में व्यापार जारीः

गौरतलब है कि भट्टाकुफर मंडी भू-स्खलन के कारण आईआटी मंडी ने अनसेफ घोषित कर रखी है। इसलिए यहां कारोबार कर पाना जान जोखिम में डालने जैसा है लेकिन अभी आईआईटी मंडी की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए कुछ आढ़ती यहां कारोबार कर रहे हैं।

You missed