शिमला| सूबे में आज भी बारिश की संभावना है। प्रदेश के छह जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और किन्नौर में भारी बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही बिजली गिरने का भी यलो अलर्ट है। मौसम विभाग ने तीन से पांच मई तक लाहुल स्पीति को छोड़ प्रदेश के 11 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश से सूखे से राहत मिलने के साथ गर्मी से राहत मिलेगी। बीते दो दिनों के दौरान जिला कांगड़ा और शिमला में बारिश हुई है। इस कारण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। वहीं जंगल की आग भी शांत हुई है। अब तीन दिनों के दौरान बारिश के आसार बन रहे हैं।

राजधानी शिमला में रविवार को दोपहर बाद हुई बारिश व ओलावृष्टि से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। एक सप्ताह से शिमला में काफी गर्मी पड़ रही थी, ऐसे में बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया है। रविवार सुबह से कई बार बादल तो कभी धूप खिलती रही। दोपहर के समय अच्‍छी धूप खिल रही थी, लेकिन शाम पांच बजे के बाद मौसम ने करवट बदली और ठंडी हवाएं चलने के साथ बारिश व ओलावृष्टि हुई। बारिश से तापमान में हल्की गिरावट आई है। शाम के समय शिमला में हल्की ठंड भी महसूस हुई, जिस कारण कुछ लोगों ने गर्म कपड़े भी पहन लिए।

You missed