सोलन। चंडीगढ़ से एक कांस्टेबल हरियाणा और हिमाचल के नाकों को पार करता हुआ सोलन के कंडाघाट पहुंच गया. हैरानी वाली बात यह है कि यह कांस्टेबल रात को नहीं, बल्कि दिन दिहाड़े दोपहर को बाइक से कंडाघाट पहुंच गया. बाइक सवार पुलिस की वर्दी में था और अपने पीछे महिला को बिठाया हुआ था, जिसे यह शिमला छोड़ने जा रहा था.यह पुलिस कर्मी लगातार पुलिस की आँखों में धूल झोंक रहा था और जैसे ही कहीं नाका आता था वहां महिला को उतार कर उसे पैदल चलने के लिए कह देता था. बाद में फिर उसे लिफ्ट दे देता था।
पुलिस कर्मी की पहचान चंडीगढ़ पुलिस कांस्टेबल के रूप में हुई है. वहीं, महिला शिमला में कम्पनी में काम करती है और हिमाचल की ही रहने वाली है.अब दोनों को कंडाघाट में ही क्वारंटाइन किया गया है.पुलिस कर्मी परवाणु, धर्मपुर, कुम्हारहट्टी, सोलन, चम्बाघाट कई नाकों से गुजरा, लेकिन किसी ने भी इसे नहीं रोका. इससे पुलिस का कार्य प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. इस प्रकरण में पुलिस विभागीय कार्रवाई अमल में ला रही है और सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है.सोलन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार ने बताया कि यह व्यक्ति किस तरह से कंडाघाट पहुंचा इसको लेकर जांच की जा रही है. जिस भी पुलिस कर्मी ने अपने कर्तव्य का पालन ठीक से नहीं किया होगा, उस पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को सख्त आदेश दिए गए हैं कि वह किसी भी तरह से अपनी ड्यूटी में कोताही न बरतें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अम्ल में लाई जा सकती है.
