Spread the love

आनी। कुल्लू जिला के आनी की शिल्ली पंचायत में तीन साल की मासूम बच्ची को तेंदुआ घर के बरामदे से उठा ले गया। घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। बच्ची का शव क्षत विक्षत हालत में घर से करीब दो सौ मीटर दूर बरामद कर लिया गया है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।बच्ची को ढूंढने का रात को ही प्रयास किया गया। लेकिन सफलता हाथ न लगी। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग को दी। शनिवार सुबह बच्ची को ढूंढने की फिर से तलाश जारी की गई, तो बच्ची के क्षत विक्षत शरीर के कुछ हिस्से सिर के बाल और बाजू के टुकड़े मिले हैं।

घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई है। शिल्ही पंचायत के उपप्रधान राम कृष्ण ठाकुर ने बताया बच्ची का नाम प्रिया था और वह सुमा गांव के विनोद कुमार की बेटी थी।विनोद सुमा गांव से थोड़ी दूरी पर दोघरा में रहता है । डीएफओ लूहरी चंद्रभूषण शर्मा का कहना है कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है । तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजरा भेज दिया गया है ।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें । रात को घरों से बाहर न निकलें । डीएसपी आनी अनिल कुमार ने बताया कि मौके पर पुलिस को भेजा गया है , छानबीन करने के बाद बरामद क्षत विक्षत शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा ।

You missed