कांगड़ा : प्रदेश भर में बारिश का दौर लगातार जारी है और यह क्रम दो अगस्त तक ऐसे ही बना रहेगा। मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग ने पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में यात्राएं न करने की भी सलाह दी है। पिछले चौबीस घंटों से प्रदेश भर में बारिश का क्रम लगातार जारी है और इस कड़ी में लाहुल-स्पीति में भारी नुकसान होने का समाचार है। यहां तेज बहाव की वजह से एक सडक़ क्षतिग्रस्त हो गई है। सब-डिवीजन काजा में सडक़ बह गई है। इससे 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे हिस्सों में बारिश का क्रम दिन भर जारी रहा। प्रदेश भर में सबसे ज्यादा बारिश कांगड़ा जिला में हो रही है। यहां बारिश का रिकार्ड बन गया है।
