नई दिल्ली. त्योहारी सीजन के बीच आम उपभोक्ता को खाद्य तेलों की महंगाई (Edible Oil Price Hike) का झटका लगा है. दरअसल, त्योहारों की मांग बढ़ने और तिलहन की कमी के कारण बीते सप्ताह दिल्ली के बाजार में सरसों (Mustard Seeds/Oil), मूंगफली, सोयाबीन और कच्चा पाम ऑयल (CPO) समेत लगभग सभी तेल-तिलहन के भाव बढ़ गए हैं. बाजार के जानकारों का कहना है कि हालिया बरसात से तिलहन फसलों को हुए नुकसान के कारण भी खाद्य तेलों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.
दीवाली के बाद सरसों की मांग में होगी तेज बढ़ोतरी
देश में सरसों का 10-12 लाख टन का स्टॉक रह गया है, जो ज्यादातर किसानों के ही पास है. त्योहारी मांग लगातार बढ़ रही है और दीवाली के बाद सरसों की मांग में तेज बढ़ोतरी होगी. ऐसे में सलोनी शम्साबाद में सरसों का भाव बीते सप्ताह के अंत में 8,900 रुपये से बढ़ाकर 9,200 रुपये क्विंटल कर दिया गया. इससे सरसों तेल-तिलहन के भाव में उछाल दर्ज किया गया है. वहीं, बिजाई में देरी के कारण सरसों की अगली फसल आने में अभी करीब एक महीने की देर हो सकती है. हालांकि, इस बार सरसों का उत्पादन दोगुना होने की उम्मीद जताई जा रही है. बाजार के जानकारों का कहना है कि मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखकर सरसों का स्थायी रूप से करीब 5-10 लाख टन स्टॉक रखना चाहिए.
वैश्विक कीमतों में वृद्धि से महंगा हुआ सरसों का तेल
केंद्रीय खाद्य सचिव सुधांशु पांडेय ने शुक्रवार को कहा था कि फरवरी 2022 में अगली फसल आने के बाद ही सरसों की कीमतों में नरमी की संभावना है. उन्होंने कहा कि खाद्य तेलों की वैश्विक कीमतों में वृद्धि के कारण सरसों के तेल की कीमतों पर असर पड़ा है. समीक्षाधीन सप्ताह में बिनौला तेल के भाव मजबूत होने से मूंगफली की मांग बढ़ गई है, जिसकी वजह से मूंगफली तेल-तिलहन के भाव भी बढ़ गए हैं. सोयाबीन की नई फसल की आवक शुरू होने से पहले ही वायदा कारोबार में इसके भाव कम हैं. नई फसल के आने के समय आमतौर पर भाव गिराया जाता है. ऐसे में किसानों को कम दाम पर अपनी फसल बेचने पर मजबूर होना पड़ता है.
कम भाव पर फसल बेचने से बच रहे किसान
सोयाबीन की नई फसल की मंडियों में आवक कम है और किसान कम भाव पर बिकवाली से बच रहे हैं. इससे समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन तेल-तिलहन के भाव बढ़कर बंद हुए. समीक्षाधीन सप्ताह में मलेशिया एक्सचेंज में मजबूती रहने से कच्चा पामतेल (CPO) और पामोलीन के भाव भी मजबूत रहे, जबकि त्योहारी मांग से बिनौला तेल में भी सुधार आया.
सरसों कच्ची घानी के दाम कितने बढ़े?
सरसों दाने का भाव बीते सप्ताह 145 रुपये बढ़कर 8,870-8,900 रुपये प्रति क्विंटल हो गया, जो पिछले सप्ताह के आखिर में 8,730-8,755 रुपये प्रति क्विंटल था. सरसों दादरी तेल का भाव पिछले सप्ताह के मुकाबले 450 रुपये बढ़कर समीक्षाधीन हफ्ते के आखिर में 18,000 रुपये क्विंटल हो गया. सरसों पक्की घानी तेल की कीमतें 40 रुपये बढ़कर 2,705-2,745 रुपये और कच्ची घानी के दाम भी 40 रुपये बढ़कर 2,780-2,890 रुपये प्रति टिन हो गए.
