शिमला| हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान आज से और रफ्तार पकड़ेगा। आज केंद्रीय मंत्री अमित शाह हिमाचल आ रहे हैं। भाजपा के दिग्गज स्टार प्रचारक प्रदेश में 2 दिन धुआंधार 6 रैलियां करेंगे। आज पहले दिन उनकी 3 रैलियां चंबा, करसोग और शिमला में हैं। 5 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोलन में चुनावी प्रचार को धार देने हिमाचल आ रहे हैं।अमित शाह चंबा से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। शाह सुबह 11:00 बजे सिहुन्ता ग्राउंड पहुंचेंगे। 11:05 पर रैली स्थल पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे। 11:30 बजे वह जनसभा को संबोधित करके भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।इसके बाद वह 12:00 बजे करसोग के लिए रवाना होंगे और यहां पर भाजपा प्रत्याशी की जनसभा में भाग लेंगे। अमित शाह 2 बजे शिमला के लिए उड़ान भरेंगे और यहां भट्टाकुफर कसुम्पटी में पार्टी प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज के पक्ष में चुनावी रैली करेंगे।

शाम को पार्टी नेताओं से लेंगे चुनावी फीडबैक
अमित शाह आज शाम को पार्टी नेताओं से चुनावी फीडबैक भी लेंगे। वे CM जयराम ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करके प्रदेश की राजनीति पर चर्चा करेंगे। रात को शिमला में ठहरने के बाद कल हमीरपुर के लिए रवाना होंगे।

यहां पर नादौन में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार का कार्यक्रम है। इसके बाद वे धर्मशाला जाएंगे और यहां पर जोरावर स्टेडियम में रैली में भाग लेंगे। धर्मशाला से नालागढ़ के लिए रवाना होंगे और यहां पर भी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को 5:00 बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।

अमित शाह की रैली को लेकर भाजपा में काफी उत्साह
केंद्रीय मंत्री अमित शाह की हिमाचल में धुआंधार 6 चुनावी रैलियों को लेकर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है । पार्टी कार्यकर्ताओं ने शाह की रैली संबंधी अपनी सारी तैयारियां पूरी कर ली है।

समृति ईरानी 2 को किन्नौर-शिमला में करेंगी जनसभा
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 2 नवंबर को किन्नौर और शिमला में जनसभाएं करेंगीं। किन्नौर के भावनगर में वह पार्टी प्रत्याशी सूरत नेगी की जनसभा में भाग लेंगी। इसके बाद वह दोपहर 1:00 बजे शिमला ग्रामीण में रवि मेहता की जनसभा में लोगों को संबोधित करेगी।

राजनाथ सिंह 3 को आएंगे
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी हिमाचल में 2 दिन चुनाव प्रचार करने आएंगे। उनका 3 नवंबर को अर्की विधानसभा क्षेत्र में गोविंदराम शर्मा और देवेंद्र कुमार शर्मा की जनसभा में भाग लेने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह जयसिंहपुरा में रविंद्र धीमान की जनसभा में भाग लेंगे। इसी दिन वह देहरा विधानसभा क्षेत्र में रमेश ध्वाला की जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

नितिन गडकरी 4 नवंबर को आएंगे हिमाचल
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 4 नवंबर को बिलासपुर में जनसभा करेंगे। यहां पर वह भाजपा प्रत्याशी जेआर कटवाल और महेंद्र सिंह चंदेल के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह कांगड़ा जाएंगे और यहां पर पवन काजल और सत प्रकाश सोनी की जनसभा में भाग लेंगे।

6 नवंबर को उनका शिमला जिले के चौपाल में बलबीर वर्मा की जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह हमीरपुर में नरेंद्र ठाकुर की जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से बैैजनाथ जाएंगे और मुल्ख राज प्रेमी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

योगी आदित्यनाथ की 6 जनसभाएं होंगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हिमाचल में 6 जनसभाएं होंगी। वह 2 नवंबर को बड़सर में जनसभा करेंगे। इसके बाद सरकाघाट में कसौली में चुनाव प्रचार में भाग लेंगे। इसके बाद उनका 4 नवंबर को ज्वाली, ज्वालामुखी और घुमारवीं में जनसभा करने का कार्यक्रम है।

You missed