शिमला| हिमाचल प्रदेश के शिमला धर्मशाला नेशनल हाईवे-205 आज दोपहर बाद से वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो जाएगा। इस पर 180 फीट लंबा बैली पुल बन गया है, जिस पर वे वाहन गुजर सकेंगे। मुख्य सड़क बनने में अभी कम से कम एक महीना और लगेगा। बता दें कि सोमवार को बैली पुल का अंतिम निरीक्षण किया गया, जिसके बाद पुल पर से वाहनों की आवाजाही की इजाजत मिल गई। अब 8 जिलों के लोगों को शिमला पहुंचने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। पीडब्ल्यूडी विभाग धामी के एक्सईन नवीन कौंडल ने यह जानकारी दी।

सीमेंट या सरिया से लदे ट्रक नहीं गुजर सकेंगे

आसानी से नेशनल हाईवे 205 से होते हुए शिमला और शिमला से लोअर हिमाचल पहुंच जाएंगे। इस तरह गत 13 सिंतबर से बंद पड़ा नेशनल हाईवे एक महीने बाद यातायात के लिए बहाल हो जाएगा। बैली पुल 20 से 25 टन का भार सहने की क्षमता रखता है। ऐसे में इस पर से ज्यादा भार वाले वाहन नहीं गुजर पाएंगें। खाली ट्रक ताे इस पुल पर चल सकते हैं, लेकिन सीमेंट या सरिया से लदे ट्रकों के चलने पर पाबंदी है। लोक निर्माण विभाग के मैकेनिकल विंग ने इस पुल काे तैयार किया है।

भारी बारिश के कारण धंस गया नेशनल हाईवे

13 सितंबर को हिमाचल में हुई भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे-205 घंडल के पास ध्वस्त हो गया था। इससे हाईवे से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई थी। लोगों को लंबा चक्कर काटकर लोअर हिमाचल जाना पड़ रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी और लोक निर्माण विभाग की टीमों ने विजिट किया। सर्वे के बाद इंजीनियरों ने इस जगह पर नई बनने वाली सड़क का डिजाइन तैयार करके निर्णय लिया था कि यहां पर बैली पुल ही लगेगा। अगर इस जगह पर सड़क बनाई जाती ताे नेशनल हाईवे बहाल हाेने में लंबा समय लगना था।

अभी 3 वैकल्पिक रूटों पर चल रहा है ट्रैफिक

नेशनल हाईवे-205 बंद होने से तीन वैकल्पिक रूटों से ट्रैफिक चल रहा है। घणाहट्‌टी से पनेश, कंडा कोहबाग से होकर लोग लोअर हिमाचल जा रहे हैं। जबकि लोअर हिमाचल से शिमला आने के लिए बंगोरा, काली हट्‌टी, नालहट्‌टी का रास्ता लिया जा रहा है। छोटे वाहनों के लिए घणाहट्‌टी से थोड़ा आगे जाकर पक्की बावड़ी से सकराह होकर 16 मील का वैकल्पिक मार्ग दिया गया है, लेकिन यह मार्ग भी सिंगल लेन है और यहां पर भी जाम की स्थिति रहती है। बीच में सड़क कच्ची भी है, लेकिन उस रास्ते भी काफी परेशानी हो रही है।

You missed