मंडी। हिमाचल प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव के छठे दिन यू ब्लॉक में सार्वजनिक भोजन के दौरान जातीय भेदभाव का मामला सामने आया है। आरोप है कि देव समाज से जुड़े कुछ लोगों ने साथ में भोजन करने वालों को यह कहकर जबरन उठा दिया कि वे अनुसूचित जाति से हैं और उन्हें भोज में देव समाज से जुड़े लोगों के साथ बैठकर खाने की इजाजत नहीं है। इस पर विवाद हो गया और दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इस पर पुलिस बुलानी पड़ी और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए दोनों लोग सिराज क्षेत्र से हैं। इनमें एक जिला परिषद सदस्य और दूसरा देवलू बताया जा रहा है।एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया। दोनों पक्षों को सिटी चौकी में तलब भी किया गया। पुलिस ने आरोपियों पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
