सोलन : उप महापौर राजीव कौड़ा ने अपना इस्तीफा महापौर को सौंप दिया। सोमवार सुबह ही उप महापौर कार्यालय पहुंचे और इस्तीफा महापौर पूनम ग्रोवर को सौंपा। हालांकि अभी तक नगर निगम सोलन में नए उप महापौर को लेकर कांग्रेस पार्षदों में सहमति नहीं बन पाई है। दो बैठकें होने के बाद भी कांग्रेस उप महापौर का चयन नहीं कर पाई है। हालांकि महापौर ने अभी इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। जब तक कांग्रेस पार्षदों की अपनी सहमति नहीं बनती, महापौर ने इस्तीफे को स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया है। दरअसल, सोलन नगर निगम के चुनाव के समय कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद आपस में पदों को लेकर समझौता किया गया था। इसमें तय किया गया था कि नगर निगम के डिप्टी मेयर पद पर 5 साल के अंदर कांग्रेस के 3 पार्षदों को मौका दिया जाएगा। उस समय 14 नंबर वार्ड से पार्षद बने राजीव कुमार कौड़ा को कांग्रेस ने अपनी ओर से डिप्टी मेयर का उम्मीदवार बनाया। फ्लोर टेस्ट में कांग्रेस को जीत भी मिली और राजीव कौड़ा डिप्टी मेयर भी बन गए।

15 माह का समय बीतने के बाद दूसरे दावेदारों के दबाव पर राजीव ने पार्टी स्तर पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद दूसरे दावेदार विधायक कर्नल धनीराम शांडिल के पास पहुंचे। बैठक के दौरान 7 नंबर वार्ड से कांग्रेस की पार्षद पूजा के नाम पर करीबन सहमति बन गई, लेकिन अब 11 नंबर वार्ड के पार्षद अभय शर्मा ने भी इस पद पर अपनी दावेदारी जताई है। इसके बाद दो अन्य कांग्रेस पार्षद भी अपनी दावेदारी जता रहे हैं। इससे एक बार फिर मामला उलझ गया। उधर, पूजा ने इस मामले में पीछे न हटने और न्याय करने की बात कही है।

विधानसभा चुनाव में हो सकता है नुकसान

कांग्रेस के अंदर इस तरह की उठा-पटक से आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी यहां से कांग्रेस कड़ी टक्कर के बाद मात्र 671 वोट से ही जीत पाई थी।

You missed