कुल्लू/चौपाल। हिमाचल प्रदेश के दो अलग-अलग इलाकों में हुए भीषण अग्निकांडों में दो रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। दोनों घटनाओं में प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

कुल्लू की पीणी पंचायत में अढ़ाई मंजिला मकान खाक

जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी स्थित पीणी पंचायत के एक गांव में बुधवार दोपहर बाद अचानक मकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुआं देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के भरसक प्रयास किए और फायर चौकी जरी को सूचना दी। दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी तेज थी कि लाल चंद और डोले का संयुक्त अढ़ाई मंजिला मकान नहीं बचाया जा सका। इस अग्निकांड में चार कमरों सहित घर के अंदर रखा सारा सामान राख हो गया।

कुपवी के शांगली गांव में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग

उधर, चौपाल उपमंडल के कुपवी क्षेत्र की चडोली पंचायत स्थित शांगली गांव में मंगलवार रात रसोई गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि आग ने कुछ ही पल में जगत सिंह नान्टा के रिहायशी मकान को चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्यों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम रवाना हुई, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी और जब तक राहत दल पहुंचा, तब तक मकान राख के ढेर में तब्दील हो चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed