Spread the love

सोलन। टोल फीस बचाने के लिए खुद को सेना का कर्नल बताने के आरोप में पुलिस द्वारा पकड़े गए बैजनाथ के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस मौत से पुलिस विभाग में हडकंप मच गया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन एसडी वर्मा ने बताया कि युवक की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इस मामले में फिलहाल पुलिस कुछ भी सार्वजनिक करने से परहेज कर रही है। इसमें यही बताया जा रहा है कि पकडे गए युवक की हालत बिगडने पर अस्पताल एमएमयू ले गई जहां से इसे पीजीआई चंडीगढ़ में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को दो हजार रूपए जुर्माना लगाकर छोड दिया था और जांच में सहयोग करने के आदेश दिए थे। इसी बीच आरोपी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्पण कटोच (31), निवासी गांव टिकरी, डाकखाना डुहकी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, युवक पर सेना की वर्दी पहनकर खुद को अधिकारी बताने का आरोप था। पुलिस चौकी गढ़खल को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव कोट और आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सैन्य वर्दी धारण कर स्वयं को सेना का अधिकारी बता रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव सुनारडी में दबिश देकर उसे किराये के कमरे से पकड़ा था। तलाशी के दौरान पुलिस को युवक के कब्जे से सैन्य वर्दी में तस्वीर लगा एक पहचान पत्र मिला था। पूछताछ के दौरान वह कार्ड से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि युवक शामती के समीप एक निजी होटल में काम करता था और सुनारडी में किराये के कमरे में रहता था। मामले में थाना कसौली में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। अब युवक की मौत के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed