शिमला। हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अपना प्रचंड असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में लगातार आ रही गिरावट के कारण ठिठुरन काफी बढ़ गई है। राजधानी शिमला में नवंबर महीने में 115 साल के बाद पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले 19 नवंबर 1911 को शिमला में इतना कम तापमान रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो फिलहाल प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है।

न्यूनतम तापमान में दो से आठ डिग्री तक की गिरावट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में दो से आठ डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रातें बेहद सर्द हो गई हैं, जहां न्यूनतम तापमान माइनस चार से चार डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसके अलावा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान दो से 15 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में छह से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।

कुफरी में हल्की बर्फबारी, सांगला में सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी भी देखने को मिली है। पर्यटन स्थल कुफरी में हल्की बर्फबारी रिकॉर्ड की गई, जबकि किन्नौर के सांगला में सबसे अधिक 3.4 मिलीमीटर, कल्पा में 2.2 मिलीमीटर और शिमला में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, अब पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है।

22 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, दिन के तापमान में होगी हल्की बढ़ोतरी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 22 नवंबर तक प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क बना रहेगा। अगले चार से पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे सुबह और रात की ठंड बरकरार रहेगी। हालांकि, अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन के समय लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने आगामी सात दिनों के लिए राज्य के किसी भी जिले में कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed