शिमला/वृंदावन। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने आज उत्तर प्रदेश के पवित्र धाम वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं।
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की कामना
मंदिर में शीश नवाने के बाद राज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने भगवान श्री बांके बिहारी जी से समस्त हिमाचल प्रदेशवासियों और देश की जनता के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने देशभर में आपसी सद्भाव, एकता और निरंतर प्रगति के लिए भी विशेष प्रार्थना की।
‘आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का पवित्र केंद्र है वृंदावन’
वृंदावन की महिमा का वर्णन करते हुए राज्यपाल गुप्ता ने कहा कि यह पावन नगरी भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एक प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां का दिव्य और भक्तिमय वातावरण मन को आंतरिक शांति प्रदान करता है और हमें अपनी सनातन व कालातीत आध्यात्मिक परंपराओं से गहराई से जोड़ता है।
