काजा। स्पीति घाटी में माइनस पांच डिग्री तापमान के बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रात करीब नौ बजे मंजुश्री पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया। वह जमीन पर बैठकर करीब डेढ़ घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनते रहे। इस दौरान स्थानीय वेशभूषा में पारंपरिक नृत्य में भी शामिल हुए। बातचीत के बीच एक बच्ची मुख्यमंत्री की गोद में सो गई, जिसका फोटो खूब वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने दो दिवसीय काजा दौरे के दौरान स्पीति के विकास पर आने वाले समय में 500 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की। उन्होंने 116.28 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
