Spread the love

शिमला, 10 अक्तूबर। राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला में अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सत्र 2026-27 के लिए गठित कार्यकारिणी में रामेश्वर शर्मा को प्रधान चुना गया। वहीं, शिवानी शर्मा उपप्रधान, डॉ. सुरेंद्र शर्मा सचिव, नीतू ठाकुर सहसचिव और डॉ. रीता भारद्वाज कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी। नई कार्यकारिणी का गठन महाविद्यालय सभागार में आयोजित आम सभा में सर्वसम्मति से किया गया।

आम सभा में पूर्व कार्यकारिणी को भंग कर नए सत्र के लिए पदाधिकारियों और सदस्यों का चयन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. सुभाष काप्टा ने पूर्व कार्यकारिणी के कार्यों की सराहना करते हुए छात्राओं के हित में महाविद्यालय के साथ समर्पण भाव से काम करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की प्रगति में शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। दोनों के आपसी सहयोग से ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाया जा सकता है।

अभिभावक और शिक्षक वर्ग से चुने सदस्य

सभा में पीटीए सचिव डॉ. सुरेंद्र शर्मा ने सत्र 2025-26 के दौरान संघ की ओर से किए गए कार्यों के साथ आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुरिता सक्सेना को संघ का संरक्षक बनाया गया। अभिभावक वर्ग से ईश्वर गर्ग, विजय वर्मा और बीना को सदस्य चुना गया, जबकि शिक्षक वर्ग से डॉ. मोहन शर्मा, डॉ. श्रीकांत और डॉ. निशा मांटा कार्यकारिणी में शामिल किए गए।

नवनियुक्त प्रधान रामेश्वर शर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए मिल-जुलकर काम करेगी। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग से महाविद्यालय के शैक्षणिक हितों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed