Spread the love

बद्दी, 08 अक्तूबर: आईईसी यूनिवर्सिटी, बद्दी के स्कूल ऑफ लॉ के विद्यार्थियों ने शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति के ग्रीष्मकालीन निवास (‘द रिट्रीट’) का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को देश की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर, उसकी विशिष्ट वास्तुकला और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े इस प्रतिष्ठित स्थल के ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक महत्व को करीब से जानने का अवसर मिला।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और देश की ऐतिहासिक व संस्थागत विरासत के प्रति उनकी समझ को विकसित करना था। मशोबरा की शांत वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित इस ऐतिहासिक परिसर के अवलोकन से विद्यार्थियों को नियमित अकादमिक गतिविधियों से इतर एक नए वातावरण में सीखने और समझने का अनुभव प्राप्त हुआ।
यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अशोक पुरी और रजिस्ट्रार डॉ. प्रह्लाद ने स्कूल ऑफ लॉ के इस प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान का विस्तार करने के साथ-साथ उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाती हैं। कक्षा के बाहर मिलने वाला ऐसा व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
आईईसी स्कूल ऑफ लॉ द्वारा आयोजित यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और यादगार रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन का निरंतर यह प्रयास रहता है कि ऐसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, सामाजिक जागरूकता और देश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed