धर्मशाला। देवभूमि की शांत वादियों को ड्रग्स के अवैध कारोबार का अड्डा बनाने की साजिशें बेनकाब होने लगी हैं। कांगड़ा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्मशाला के लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र मकलोडगंज के अपर धर्मकोट स्थित होस्टल में चल रही रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। डीआईजी सौम्य सांबशिवन की सीधी निगरानी में यह दूसरी बार है, जब किसी रेव पार्टी को परवान चढऩे से पहले ही पुलिस ने बड़ी मुस्तैदी से धवस्त कर दिया है। गत शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की गई इस अचानक कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हडक़ंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया है कि इन रेव पार्टियों का आयोजन बेहद शातिर और आधुनिक तरीकों से किया जा रहा था।
इस अवैध महफिल के प्रचार-प्रसार के लिए आम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ विशेष क्लोज्ड ऑनलाइन ग्रुप का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे चुनिंदा और भरोसेमंद लोगों तक ही निमंत्रण पहुंचे। पुलिस के खुफिया तंत्र ने इस डिजिटल सिंडिकेट को पहले ही भांप लिया और मौके से अहम डिजिटल साक्ष्य व चैट के स्क्रीनशॉट रिकवर कर लिए हैं, जिससे इस नेटवर्क के अन्य गुर्गों पर भी शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। छापेमारी के दौरान होस्टल परिसर से पुलिस ने अलग-अलग प्रकार के खतरनाक मादक पदार्थों का जखीरा बरामद किया है। कुल्लू व डलहौजी के बाद कांगड़ा में इस तरह की दूसरी बड़ी कार्रवाई पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए डीआईजी उतरी रेंज सौम्या सांबशिवन ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि देवभूमि की पवित्रता और धौलाधार की शांत वादियों को नशा तस्करों की शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा।
देह व्यापार की आशंका
इस रेव पार्टी कल्चर पर बुद्धिजीवी वर्ग ने चिंता जताते हुए शंका जताई है कि ऐसे रैकेट को ध्वस्त करने के लिए विशेष योजना के तहत काम नहीं हुआ तो देवभूमि में देह व्यापार की गतिविधियां शुरू होने में भी देर नहीं लगेगी। बुद्धिजीवी ने डीआईजी सौम्य व पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए इस पर कठोर निर्णय लेने को आवाज उठाई है।
