Spread the love

पालमपुर। पालमपुर थाना में चाय पैकिंग मशीन खरीदने के नाम पर लाखों रुपए की कथित ठगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी कंपनी ने चाय पैकिंग बैग मशीन खरीदने के लिए एक मार्ट के माध्यम से फरीदाबाद की कंपनी से संपर्क किया था। शिकायत के मुताबिक कंपनी के प्रतिनिधि ने टी-बैग पैकिंग मशीन की कोटेशन भेजी और बताया कि मशीन करीब 25 से 30 दिनों में तैयार हो जाएगी। इसके लिए कंपनी की ओर से 50 प्रतिशत अग्रिम राशि की मांग की गई। इस पर 23 मई, 2026 को करीब दस लाख रुपए एसबीआई खाते के माध्यम से भेज दिए गए। प्रतिनिधि ने व्हाट्सऐप के माध्यम से राशि प्राप्त होने की रसीद साझा करते हुए मशीन बनाने का कार्य शुरू होने की जानकारी दी। बाद में मशीन तैयार होने का वीडियो भेजकर शेष राशि भेजने को कहा।

इस पर 26 जुलाई, 2026 को शिकायतकर्ता की ओर से 8.29 लाख रुपए और भेज दिए गए। इसके बाद व्हाट्सऐप के माध्यम से पुष्टि की गई कि मशीन को 30 जुलाई, 2026 को डिस्पैच कर दिया है, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद मशीन नहीं पहुंची। इस संबंध में कंपनी के एमडी फरीदाबाद स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां उनको अन्य प्रतिनिधि से बात करने को कहा गया। इसके बाद प्रतिनिधि कथित तौर पर लगातार फोन पर आनाकानी करते रहे और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार मशीन के लिए कुल 18.29 लाख रुपए की राशि भेजी गई, लेकिन न तो मशीन मिली और न ही संतोषजनक जवाब मिला।

You missed