सनवारा (कसौली)। भारत सरकार की विशेष पहल के अंतर्गत राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे भव्य एवं गरिमामय माहौल में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन का आयोजन किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूर्ण अनुशासन, आदर और देशभक्ति के भाव के साथ सहभागिता की। जैसे ही प्रातः 11:00 बजे एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का स्वर गूंजा, पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम की लहर से ओत-प्रोत हो उठा। गायन के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हीरा ठाकुर, सीईओ डॉ. संजीव मैनरा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिक्षकों के बेहतरीन समन्वय और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण योगदान से इस आयोजन ने एक विशेष छाप छोड़ी। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार एवं उपस्थित विद्यार्थियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रप्रेम और अखंडता को सदैव बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
