Spread the love

कुल्लू। सांसद कंगना रणाैत ने ढालपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए हिमाचल सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार आर्थिक रूप से केंद्र पर निर्भर होती जा रही है और राज्य में लगातार कर्ज बढ़ रहा है। कंगना ने कहा कि उन्हें प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर दुख और शर्मिंदगी महसूस होती है। उनके अनुसार, प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद प्रदेश के राजस्व की स्थिति चिंताजनक है और राज्य सरकार लगातार ऋण ले रही है। उन्होंने सुक्खू सरकार पर विकास कार्यों के बजाय प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया। कंगना ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी समय में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान करते हुए सुक्खू सरकार के खिलाफ राजनीतिक रूप से लामबंद होने की बात कही।

इससे पहले कंगना ने केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने गुजरात मॉडल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देशभर में विकास को गति देने का काम किया है। कंगना ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। कंगना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मां के बाद बेटे और फिर बेटी की राजनीति का सिलसिला चलता आ रहा है। ईवीएम को लेकर कांग्रेस के सवालों पर कंगना ने कहा कि जहां ईवीएम का इस्तेमाल नहीं हो रहा, वहां भी भाजपा को जीत मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed