Spread the love

शिमला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी दल के नेताओं को हिरासत में लेने के विरोध में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगवाई में हिमाचल कांग्रेस ने शिमला में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री समेत अन्य मंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा भी मांगा। करीब पौने घंटे तक लोकभवन के बाहर प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगवाई में राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। वहीं, कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन करने का ऐलान भी इस दौरान किया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जिस प्रकार से पुलिस में लिया और जबरदस्ती उठाकर ले गई, वह इस बात को इंगित करता है कि लोकतंत्र में आवाज उठाने का अधिकार इस भाजपा की सरकार ने छीन लिया। राहुल गांधी संसद के 300 सांसद सदस्यों को साथ लेकर जब विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, उस समय उन्हें हिरासत में लिया गया। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह आज आम लोगों की आवाज बनकर उभरे हंै। उन्होंने कहा कि गुरुवार को कांग्रेस पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन करेगी।

इन्होंने भी लगाए नारे

लोकभवन के बाहर प्रदर्शन के दौरान उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मुकेश बोले, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा संघर्ष

शिमला — उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश में लोकतंत्र की भावना को कायम रखने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक वोट चोरी के विरुद्ध यह आंदोलन जारी रहेगा। यह मुद्दा अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है और इसका समाधान होने तक कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शिमला में लोक भवन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं केे विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed