शिमला| हिमाचल की राजधानी शिमला में दिल्ली शिमला वॉल्वो बस में सफर करने वाले यात्रियों को अब शहर में फ्री में यात्रा करने का मौका मिलेगा। यात्री जिस दिन दिल्ली से शिमला वॉल्वो बस में सफर करके आएंगे, उस दिन वे वॉल्वो बस की टिकट दिखाकर HRTC की किसी भी बस में शिमला शहर में फ्री में सफर कर पाएंगे। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।पिछले साल 24 दिसंबर 2021 को HRTC ने इस संबंध में फैसला किया था कि दिल्ली से शिमला आने वाली वॉल्वो बस में जो भी यात्री सफर करेगा, उसे शिमला शहर में फ्री ट्रैवलिंग का मौका दिया जाएगा, लेकिन उस समय इस नियम को लागू नहीं किया गया था। अब इस संबंध में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है, जिसे आज से ही लागू कर दिया गया है।MD एचआरटीसी संदीप कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि अब इस नियम को लागू कर दिया गया है।
यहां समझें, फ्री यात्रा कैसे होगी
.. दिल्ली से शिमला आने वाली वॉल्वो बस में जो यात्री सफर करेगा, उसे टिकट दिखाकर शिमला शहर में एचआरटीसी की किसी भी बस में फ्री यात्रा करने का मौका मिलेगा।
.. शिमला शहर में कुसुम्पटी से लेकर संजौली, लक्कड़ बाजार, ढली, समरहिल, संकट मोचन और आसपास की जगह के लिए यह टिकट मान्य होगी।
.. एचआरटीसी वॉल्वो बसों में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी यही सुविधा दी जाएगी, जिस दिन वॉल्वो की टिकट बुक की होगी, उस दिन टूटीकंडी तक फ्री यात्रा दी जाएगी।
दिल्ली-मनाली वॉल्वो में यात्रा करने पर 50 फीसदी छूट
दिल्ली-मनाली वॉल्वो बस में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी यह सुविधा मिलेगी। मनाली से रोहतांग (स्नो-पॉइंट) के लिए किसी भी बस में यात्रियों को 50% की छूट प्रदान की जाएगी। यह सुविधा भी वॉल्वो बस की टिकट दिखाने पर मिलेगी।
शिमला और दिल्ली के बीच चल रही 7 वॉल्वो
मौजूदा समय में दिल्ली और शिमला के बीच 7 वॉल्वो चल रही हैं। शिमला से दिल्ली का वॉल्वो का किराया 976 रुपए है, जबकि साधारण बस का 613 रुपए है।
