शिमला : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के दो विधायकों को पार्टी में शामिल कर भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है. इस पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ये कोई बड़ा झटका नहीं है, केवल नेशनल न्यूज बनी है. इसका कोई बड़ा असर नहीं होगा. उन्होंने कहा कि दोनों विधायक भाजपा से कांग्रेस में आए थे.
कांग्रेस ने उन्हें पूरा मान सम्मान दिया है और एक को कार्यकारी अध्यक्ष तक बनाया, लेकिन उन्हें किस बात का डर है या किस वजह से भाजपा में गए, ये उनकी अंतरात्मा जानती हैं. साथ ही कहा कि कांग्रेस के पास कई जीताऊ उम्मीदवार हैं.
भाजपा में शामिल होने के बाद पवन काजल और लखविंद्र राणा को कांग्रेस ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. पवन काजल के साथ ही कांग्रेस के नालागढ़ से विधायक लखविंदर राणा ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है. उन्होंने दिल्ली में सीएम जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली. बता दें कि पवन काजल कांगड़ा से कांग्रेस विधायक हैं. साल 2012 में वह यहां से निर्दलीय जीतने के बाद कांग्रेस में शामिल हुए थे. क्योंकि भाजपा ने उन्हें यहां से टिकट नहीं दिया था. बाद में 2017 विधानसभा चुनाव में भी पवन काजल ने जीत हासिल की थी.
