शिमला : हिमाचल प्रदेश में कल चुनाव है जिसके लिए विधानसभा चुनाव में इस बार 55,07,261 मतदाता वोट डाल सकेंगे। 18-19 साल के 69,781 मतदाता वोट डालेंगे। यानी ये नए वोटर होंगे। इनकी प्रतिशतता 46 से बढ़कर अब 75 फीसदी हो गई है।

मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 से बढ़कर 981 हो गया है। वोटरों में 27,80,208 पुरुष, 27,27,016 महिला और 37 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़कर 56001 हो गई है। इनमें 1470 की वृद्धि हुई है।

वहीं विधानसभा चुनाव के चलते राज्य आपदा प्रबंधन ने अप्रिय घटना व प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के 50 कर्मियों को लाहौल-स्पीति और चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्रों में तैनात किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि जिला मुख्यालय चंबा और पांगी में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के दस-दस कर्मी, जिला मुख्यालय लाहौल-स्पीति, काजा और उदयपुर में दस-दस कर्मचारियों की तैनाती की है।

वहीं बात करें चौपाल की तो यहां के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। चौपाल में कुल 184 पोलिंग पार्टियों की तैनाती की गई है। इसमें से 146 पार्टियां पोलिंग बूथ के लिए रवाना कर दी गई हैं, जबकि अन्य टीमों को रिजर्व में रखा गया है। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने बताया कि चौपाल में कुल 146 पोलिंग बूथ है। इसमें से चार संवेदनशील और चार अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

संवेदनशील बूथों में ताली, देवठी, धनेवरी, पोषडाह और अति संवेदनशील बूथों में लिंगजार, ननाहर, झीना और मसराह शामिल है। इन बूथों पर सुरक्षा के दृष्टिगत अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। एसडीएम चेत सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार 10 नवंबर शाम पांच बजे समाप्त हो गया है।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों अनुसार लाउडस्पीकर का प्रयोग, गाड़ियों का प्रयोग, जो समर्थक प्रचार-प्रसार के लिए दूसरे राज्यों, विधानसभा क्षेत्रों से आए हैं को भी विधानसभा क्षेत्र की सीमा को छोड़ना होगा। 10 नवंबर को शाम पांच बजे से 12 नवंबर शाम पांच बजे तक प्रशासन ने ड्राई डे घोषित किया है।

वहीं प्रदेश के हमीरपुर जिले के विधानसभा क्षेत्रों के लिए शुक्रवार सुबह ईवीएम और वीवीपैट के साथ पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। वहीं, एचआरटीसी ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग टीमों को भेजने और वापस स्ट्रांग रूम तक लाने के लिए बसों को भेजने की सूची तैयार कर ली है। यह सरकारी बसें 10 और 11 नवंबर को अपने-अपने स्थानों पर पहुंच जाएंगी। कुल 80 बसें भेजी गई हैं।

You missed