Spread the love

ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसके वोट की सुरक्षा तथा निष्पक्ष गिनती सुनिश्चित करना निर्वाचन व्यवस्था की जिम्मेदारी है। ऊना में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, उनका पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा सहित कांग्रेस के विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं।

मतदाता को अपने वोट के अधिकार को लेकर किसी तरह की आशंका नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस जनता के मताधिकार और संविधान की रक्षा की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी आपत्ति जताई। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है। जनता के मन में चुनाव प्रक्रिया को लेकर विश्वास कायम रखना जरूरी है।

जनता के वोट की हो रही चोरी

रजनी पाटिल बोलीं, लोकतंत्र-संविधान बचाने के लिए लड़ रही कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी विरोध के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ऊना ने गुरुवार को ऊना मुख्यालय पर लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ, वोट बचाओ, संविधान बचाओ अभियान के तहत विशाल विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल तथा हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी आज देश, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राजीव गांधी के नेतृत्व में मतदान की उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की थी, ताकि देश के युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर अपना भविष्य तय कर सकें। रजनी पाटिल ने आरोप लगाया कि आज उसी मताधिकार पर चोट की जा रही है और जनता के वोट की चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि वोट जनता की ताकत और अपनी सरकार चुनने का अधिकार है। कांग्रेस पार्टी इस अधिकार की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में सडक़ से संसद तक लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का पारदर्शी ढंग से जवाब मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed