मंडी। कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर डयोड-हणोगी तथा हणोगी से दवाड़ा तक वाहनों की आवाजाही नव निर्मित टनलों से शुरू होने पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त की है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इन टनलों में यातायात शुरू होने से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ मंडी और कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। इस मार्ग पर सफर पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक होगा तथा यात्रा के समय में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि टनलों के संचालन से लोगों को कठिन और जोखिमपूर्ण रास्तों से राहत मिलेगी, जबकि आवागमन अधिक सुचारू होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल में सडक़ और सुरंगों का मजबूत नेटवर्क प्रदेश के विकास को नई गति दे रहा है। यह कनेक्टिविटी हिमाचल की आर्थिकी, पर्यटन और जनजीवन के लिए महत्त्वपूर्ण साबित होगी।

उन्होंने कहा कि जल्द बरसात के कारण क्षतिग्रस्त अन्य स्थलों को भी ठीक किया जाएगा और बार-बार यातायात बाधित होने की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी और कुल्लू में जहां भी राष्ट्रीय उच्च मार्गों में लोगों को दिक्कतें आ रही हैं, वहां स्थानीय विधायकों और अधिकारियों से राय लेकर काम करें। उन्होंने औट से बंजार होकर रामपुर जाने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर भी उपस्थित रहे। इसके बाद उन्होंने नगवाईं और झीड़ी में भी स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना।

You missed