Spread the love
शिमला। दिनांक 18.10.2026 की रात, शिकायतकर्ता श्री साहिल अपने साथियों के साथ हटकोटी से मंडोल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोची के समीप NH-705 पर एक व्यक्ति खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुँचे, जहाँ व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़क से नीचे नाले की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भी खून के निशान मिले। प्रारंभिक जांच में इन परिस्थितियों ने घटना के पीछे किसी आपराधिक वारदात की आशंका उत्पन्न की।इस संबंध में पुलिस थाना जुब्बल में अभियोग संख्या 53/2026, दिनांक 19.10.2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
मृतक की पहचान श्री धीरेन्द्र थापा पुत्र श्री भीम बहादुर, निवासी नेपाल, आयु 33 वर्ष, के रूप में हुई, जो गांव बाउली, डाकघर दोची, तहसील जुब्बल में मजदूरी करते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास उपलब्ध CCTV फुटेज का विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर मानवीय आसूचना एकत्र की। इन प्रयासों के दौरान पुलिस को मृतक के साथ झगड़े में शामिल दो व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि घटना से पहले मृतक और दोनों आरोपी साथ बैठकर शराब पी रहे थे तथा उनके बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद मृतक की मृत्यु हो गई। इसके पश्चात आरोपियों ने कथित तौर पर शव को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे छोड़ दिया, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
घटना के बाद पुलिस से बचने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और क्षेत्र से निकलने का प्रयास किया। वे पहले खड़ापत्थर पहुँचे, जहाँ से एक पिकअप वाहन में लिफ्ट लेकर ठियोग के समीप पहुँचे। पुलिस की चारों ओर नाकाबंदी से डरकर उन्होंने रात जंगल में ही बिताई और अगले दिन तड़के शिमला से नेपाल भागने की फिराक में रवाना हुए।जांच के दौरान जुटाई गई जानकारियों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करते हुए उनकी तलाश जारी रखी। उनकी गतिविधियों के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ISBT शिमला में ही दोनों आरोपियों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
1. सूर्य दमाई उर्फ अनिश, पुत्र श्री गोपाल दमाई, आयु 27 वर्ष, निवासी जिला गुल्मी, नेपाल।
2. सुमन खड़का, पुत्र श्री दुर्गा बहादुर खड़का, आयु 27 वर्ष, निवासी जिला सल्यान, नेपाल।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में जांच जारी है।
शिमला पुलिस गंभीर अपराधों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुलझाने और आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed