सोलन।सोलन जिला के कंडाघाट विकास खंड के तहत आने वाली ग्राम पंचायत छावशा के डयोंडा गांव में हैंडपंप न लगने के कारण लोगों को गर्मी के मौसम में पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। विभाग वर्षों से ग्रामीणों को हैंडपंप लगाने की बात कर रहा है, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण लोगों को पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है।
इस बारे में ग्राम पंचायत छावशा ने 8 जून 2021 को हुई ग्राम सभा की बैठक में प्रस्ताव पास कर जलशक्ति विभाग कंडाघाट के सहायक अभियंता को भेजा था, लेकिन अभी इस इस दिशा में विभाग की ओर से कोई अतिवादी कदम नहीं उठाया, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति असंतोष पनप रहा है।
ग्राम पंचायत छावशा के प्रधान ज्ञानचंद ने बताया कि डयोंडा गांव में जलशक्ति विभाग का पुराना हैंडपंप था, जो बार-बार खराब होता रहा। विभाग ने इसे रिपेयर भी करवाया, लेकिन इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि करीब तीन वर्ष से हैंडपंप खराब है और यहां नया हैंडपंप तुरंत लगना चाहिए ताकि ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना न करना पड़े।
